Crime

सड़क दुर्घटना में एएसआई को बाइक सवार ने मारी टक्कर,मौके पर मौत,मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर थे तैनात

सड़क दुर्घटना में एएसआई को बाइक सवार ने मारी टक्कर,मौके पर मौत,मुहर्रम जुलूस में ड्यूटी पर थे तैनात
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखण्ड: सिमडेगा में शहरी क्षेत्र के नामजी कॉम्प्लेक्स के समीप सड़क दुर्घटना में एक पुलिस पदाधिकारी की मौत हो गई। घटना रविवार की देर शाम 7:30 बजे के आसपास की है। बताया जाता है कि एएसआई नूर मोहम्मद को मुहर्रम जुलूस के मौके पर नमाजी कॉम्प्लेक्स के समीप ड्यूटी मिली थी। नूर मोहम्मद निर्देशानुसार अपनी ड्यूटी में खड़े थे। इसी बीच दो युवक अनियंत्रित गति के साथ बाइक चलाते हुए पहुंचे और ड्यूटी में खड़े एएसआई को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल में ही एएसआई नूर मोहम्मद की मौत हो गई।वहीं बाइक चला रहा युवक रवि रोशन शर्मा और उसका साथी अनिम टोपनो भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं घटना के बाद ड्यूटी में ही खड़े अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस अधिकारी और घायलों को सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने एएसआई नूर मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। वही घायल युवक रवि रोशन शर्मा को भी बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही जिले के एसपी सौरभ कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। एसपी ने पूरे मामले में दु:ख व्यक्त करते हुए दिवंगत पुलिस पदाधिकारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मृतक के परिवार वालों के साथ है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शहर के लोग भी सदर अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि दिवंगत एएसआई बिहार राज्य के मोतिहारी जिला के रहने वाले हैं। पुलिस के द्वारा दिवंगत पुलिस पदाधिकारी के परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

न्यायालय की सुरक्षा में तैनात रहते थे नूर मोहम्मद

बताया गया कि दिवंगत एएसआई नूर मोहम्मद सौम्य स्वभाव और मृदुभाषी थे। एएसआई सिविल कोर्ट में पदस्थापित थे। मुहर्रम जुलूस को लेकर उनकी प्रतिनियुक्ति नमाजी कांपलेक्स के समीप की गई थी। जहां सड़क दुर्घटना में उनकी असामयिक मौत हो गई। दिवंगत के सहकर्मियों ने बताया कि नूर मोहम्मद कभी भी ऊंची आवाज में बात नहीं करते थे।बहुत ही मिलनसार स्वभाव के थे।

Related Posts