Law / Legal

विधानसभा की सदाचार समिति पहुंची पलामू, विभिन्न विभागों के साथ किया बैठक

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने शुक्रवार को पलामू जिले का दौरा किया। सदाचार समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने अपनी टीम की सदस्यों के साथ स्थानीय सर्किट हाउस में उप विकास आयुक्त सहित जिले के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने जिले के विभिन्न विभागों जैसे स्वास्थ्य, आपूर्ति, भवन, कल्याण, शिक्षा, शहरी एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण, सहकारिता, कृषि, पशुपालन, उत्पाद, निबंधन, जिला योजना आदि विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों में अनुकंपा आधारित नियुक्तियों की लंबित मामलों की जानकारी ली और लंबित सभी मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।

बैठक में सदाचार समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने उत्पाद विभाग से नकली शराब और शराब की एमआरपी से ज्यादा मूल्य लेने के मामले जानकारी ली और सबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच करने और नकली शराब के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वंही पशुपालन पदाधिकारी से पशुओं में फैल रहे लंपी वायरस की मामलों की जानकारी ली। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मांगी, जिस पर समाज कल्याण पदाधिकारी ने जिले में चल रहे आंगनबाड़ी और आंगनबाड़ी में रिक्त पदों की जानकारी दी। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री लाडली योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी दी।

इसी तरह सदाचार समिति के अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली।
वहीं बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सभी विभागों के तहत हो रहे कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश सभी विभागों के पदाधिकारी को दिया।

Related Posts