एक्स्पो उत्सव 2023’ का आयोजन केवल प्रदर्शनी मात्र नहीं है, बल्कि रचनात्मकता और उद्यमिता का उत्सव है, राज्यपाल

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:माननीय राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने आज मोरहाबादी, रांची में आयोजित ‘एक्स्पो उत्सव 2023’ को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा विश्व एक तरह से ग्लोबल विलेज बन गया है। वैश्वीकरण के इस दौर में विकास के लिए प्रतिस्पर्धा में शामिल होना होगा। नित्य नए विकसित हो रही नई तकनीक, नए उत्पाद एवं नवोन्मेषी विचार को अपनाना होगा। जे.सी.आई., रांची द्वारा ‘एक्स्पो उत्सव 2023’ का आयोजन केवल एक प्रदर्शनी मात्र नहीं है, बल्कि रचनात्मकता और उद्यमिता का उत्सव भी है।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति भी विकास के दौर में शामिल हो सकें, इसके लिए जे.सी.आई., रांची को गावों तक जाना चाहिए और जनजातीय समुदाय को भी भागीदार बनाना चाहिए। देश तभी विकसित होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकसित होगा। इसके लिए हमें प्रयास करना होगा। बाधाएँ भी आ सकती हैं लेकिन बाधाओं को पार कर विकास हेतु नया आयाम स्थापित करने वालों की ही विशिष्ट पहचान होती है। हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी का विश्व पटल पर एक दूरदर्शी नेता के तौर पर अहम पहचान स्थापित है क्योंकि उन्होंने अथक प्रयास से सभी बाधाओं को दूर करते हुए भारत को विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का देश बनाया है। उन्होंने विकास की अवधारणा को धरातल पर उतारा है।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि औद्योगिक विकास से रोजगार का सृजन होता है और लोगों को रोजगार मिलता है। झारखण्ड एक खनिज प्रधान राज्य है और यहाँ उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। नई सोच, नई अवधारणाएं, नई परिकल्पनाएं और नए प्रयोगों के साथ राज्य एवं देश को आगे बढ़ाने का कार्य युवाओं के कंधे पर हैं। आगे बढ़ने के लिए संघर्ष भी करना पड़े तो आत्मविश्वास के साथ संघर्ष करें। सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने इस परिप्रेक्ष्य में महान कलाकार रजनीकान्त का भी उदाहरण दिया कि कैसे वे संघर्ष कर ऊंचाइयों के इस आयाम पर पहुंचे हैं।