मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने की तीन ग्रामीणों की हत्या, नक्सलियों पर्ची फेंक लिए जिम्मेदार

न्यूज़ लहर संवाददाता
छत्तीसगढ़: कांकेर जिले के एक गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने महाराष्ट्र पुलिस के लिए मुखबिरी करने के संदेह में तीन ग्रामीणों की कथित तौर पर हत्या कर दी है। मृतको में पड़ोसी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से सटे छोटेबेठिया पुलिस थाना (कांकेर) के मोरखंडी गांव के निवासी कुल्ले कतलामी (35), मनोज कोवाची (22) और डुग्गे कोवाची (27) शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में सूचना मिली है तथा इस संबंध में और अधिक जानकारी एकत्र की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर फेंके गए पर्चे में माओवादियों ने दावा किया कि तीनों महाराष्ट्र पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई सी-60 के लिए मुखबिर के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को दोपहर तीन बजे कांकेर शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं।छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में होगा। कांकेर जिले में पहले चरण में सात नवंबर को मतदान होगा, जबकि अन्य 70 सीटों पर 17 नवंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।