Politics

झारखंड में 14 लोकसभा सीटों पर 4 चरण में होगा चुनाव, गांडेय पर उपचुनाव की भी घोषणा**

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच, झारखंड में 14 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में चुनाव होने की घोषणा की गई है।

 

झारखंड में चार चरण में होगा चुनाव

13 मई, 20 मई, 25 मई और 1जून को होगा चुनाव।दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इसकी घोषणा की है। इसके साथ ही, गांडेय में उपचुनाव की भी घोषणा की गई है। इस घोषणा के साथ ही, चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है, जिसके तहत सरकार कोई भी नीतिगत फैसला नहीं ले पाएगी।

 

झारखंड में चुनाव की तैयारियों की घोषणा के साथ ही, राज्य में राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ोतरी भी देखी जा रही है। घोषणा से कुछ घंटे पहले चंपाई सोरेन कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें 53 प्रस्तावों पर मुहर लगी। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने हाल के दिनों में धुआंधार जनसभाएं की हैं, जिनमें सरकारी की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं भी गिनाई गई हैं।

 

झारखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 53 लाख 86 हजार 152 है, जिसमें 1 करोड़ 24 लाख 48 हजार 225 महिला और एक करोड़ 29 लाख 37 हजार पुरुष मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 469 है। झारखंड में पहली बार वोट देने वालों की संख्या 21 लाख 67 हजार 270 है, जिनकी उम्र 18 साल से 22 साल के बीच है।

 

2019 के चुनाव में 14 में से 12 सीटें जीतने वाली एनडीए इस बार भी जीत पर दावा कर रही है। वैसे इंडिया गठबंधन की तरफ से अभी तक सीट शेयरिंग और प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन भाजपा ने 11 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर अपनी तैयारी का आगाज कर दिया है।

 

2019 में झारखंड में चार चरणों में हुआ था चुनाव, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर सात चरणों में चुनाव हुआ था। मतों की गिनती 23 मई को हुई थी।

 

*देश में सात चरणों में होगा लोकसभा चुनाव:-*

*पहला* चरण

मतदान: 19 अप्रैल

राज्य: 21

लोकसभा सीटें: 102

 

*दूसरा* चरण

मतदान: 26 अप्रैल

राज्य: 13

लोकसभा सीटें: 89

 

*तीसरा* चरण

मतदान: 7 मई

राज्य: 12

लोकसभा सीटें: 94

 

*चौथा* चरण

मतदान: 13 मई

राज्य: 10

लोकसभा सीटें: 96

 

*पांचवां* चरण

मतदान: 20 मई

राज्य: 8

लोकसभा सीटें: 49

 

*छठा* चरण

मतदान: 25 मई

राज्य: 7

लोकसभा सीटें: 57

 

*सातवां* चरण

मतदान: 1 जून

राज्य: 8

लोकसभा सीटें: 57

 

*नतीजे* : 4 जून 2024

Related Posts