Regional

ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर में सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन पूजा मटकोड़ के साथ शुरू

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित
ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर में सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन पूजा मटकोड़ के साथ शुरू होगया है। जिसके तहत पूरे रीति रिवाज का पालन किया जा रहा है।

“कहवॉं के पीअर माटी, कहॉं के कोदार हो।
कहवॉं के सात सुहागिन माटी कोड़े जास हे।”


ऐसी पारंपरिक लोकगीत के साथ ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर के द्वारा अमल संघ मैदान, सिदगोड़ा में षष्ठम सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन पूजा मटकोड़ के साथ शुरू हो गया है। इस वर्ष कुल २० बरूआ का उपनयन कराया जा रहा है। पूरे देश में लगातार ६ वर्ष सामूहिक उपनयन संस्कार सिर्फ ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।


इस आयोजन को हुलासगंज से आचार्य रंगेश शर्मा एवं उनके ७ आचार्य के द्वारा पूरी वैदिक रीति रिवाज से संपन्न कराया जा रहा है। आज स्वस्तिवाचन, संकल्प, मृतिकाहरण, स्तंभ पूजन, प्रधान कलश स्थापना, गौरी गणपति पूजन, सर्वतोभद्र सहित सभी वेदियों का पूजन, सत्यनारायण भगवान का पूजन, हल्दी, गोबर जनेऊ का आयोजन संपन्न किया गया।


मटकोर के समय सभी बटुकों की मां अपने दुलारे को आॉंचल ओढाकर साथ में दादी, फुआ, चाची के संग लोकगीत गाती हुई माटी कोड़ रही थी तब पूरे क्षेत्र से बिहार की माटी की खुशबू आ रही थी।


संध्या 7 बजे से रंगेश शर्मा द्वारा संस्कार पर प्रवचन दिया गया। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म के १६ संस्कार में उपनयन संस्कार भी शामिल है। बच्चों का उपनयन १० वर्ष के भीतर ही करना चाहिए। हमें अपनी संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहिए।इसी से व्यक्ति का विकास होता है।इसके उपरांत भगवान की आरती उतारी गई।


रात्रि में भतखई का आयोजन किया गया।
कल सभी बरूआ का उपनयन प्रातः 8 बजे से कराया जाएगा। कल संध्या 7 बजे से मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो, विशिष्ट अतिथि विधायक सरयू राय, प्रसिद्ध चिकित्सक नागेन्द्र सिंह , टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विजय नारायण, संजीव ओझा, कृष्णनंदन सिंह, कामेश्वर तिवारी, ब्रजेश कुमार, कृष्णकांत, श्रीनिवास ठाकुर, गोपाल सिंह, रवीन्द्र पांडेय, अमरेन्द्र , मुकेश, प्रमोद ठाकुर, मनोज ठाकुर की अहम भूमिका रही है।

Related Posts