मुरली शर्मा चंपुआ विधानसभा सीट के लिए बने भाजपा उम्मीदवार डॉ मुरली मनोहर शर्मा का सीधा मुकाबला बीजद प्रत्याशी सनातन महाकुड़ से होना तय

न्यूज़ लहर संवाददाता
ओड़िशा:भारतीय जनता पार्टी ने एक बार पुनः डॉ मुरली मनोहर शर्मा पर भरोसा जताया है। शनिवार शाम को भाजपा द्वारा ओड़िशा विधानसभा चुनाव की चौथी सूची जारी करते हुए प्रदेश के आठ विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार के नाम जारी करने के क्रम में चंपुआ विधानसभा क्षेत्र के लिए डॉ मुरली मनोहर शर्मा को भाजपा का उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि क्योंझर जिला के वरिष्ठ व कद्दावर भाजपा नेता डॉ मुरली मनोहर शर्मा तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चंपुआ से चुनाव लड़ रहे हैं। डॉ मुरली मनोहर शर्मा चंपुआ विधानसभा सीट से 2009, 2019 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।
2014 में पार्टी ने भाजपा के गिरीश चंद्र महंतो को उम्मीदवार बनाया था। जिसमें गिरीश महज 7 हजार 70 वोट पाकर बुरी तरह परास्त हुए थे। 2019 के चुनाव में मुरली मनोहर शर्मा ने भाजपा के उम्मीदवार के रुप में दूसरी बार चुनाव लड़ा था और उन्हें 63 हजार 1 सौ 17 वोट मिले और वे दूसरे नंबर पर रहे। वहीं सनातन महाकुड़ समर्थित बीजद प्रत्याशी मीनाक्षी महंतो ने सर्वाधिक 89 हजार 5 सौ 25 वोट पाकर जीत दर्ज की।
इस बार चंपुआ सीट से भाजपा टिकट के लिए कई अटकलें और कई दावेदार चर्चा का विषय बना हुआ था ।
वहीं सनातन महाकुड़ के बीजू जनता दल में शामिल होने और सनातन बीजद के टिकट पर चुनाव लड़ने पर अगामी चुनाव में डॉ मुरली मनोहर शर्मा का सीधा मुकाबला बीजद प्रत्याशी सनातन महाकुड़ से होना तय है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुरली मनोहर शर्मा को चुनाव जीतने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।