आठ वर्ष की बेटी के सामने मां ने की आत्महत्या की,घर में मचा कोहराम…

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखण्ड : लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के अरकोसा गांव में एक महिला ने अपने घर के कमरे में ही खुदकुशी कर ली है। घटना के समय कमरे में उसकी आठ साल की बेटी भी मौजूद थी।वहीं जब घर वालों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया।परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान दिलीप उरांव की पत्नी पिंकी उरांव (29) के रूप में की गई है।
घटना की पुष्टि सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर ने की है।पुलिस निरीक्षक ने कहा कि जांच चल रही है। जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।उन्होंने बताया कि जैसे ही सूचना मिली सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृत महिला की लाश को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों का बयान भी लिया गया है।
महिला का पति दिलीप उरांव रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेश गया हुआ है।घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि पिंकी उरांव (29) मानसिक रूप से बीमार थी। हालांकि आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
आठ साल की बेटी ने घरवालों को दी घटना की जानकारी
परिजनों के अनुसार जब काफी देर तक पिंकी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घर वालों को संदेह हुआ।जिसके बाद घर के लोगों ने आवाज दी तो पिंकी के कमरे में सोई हुई उसकी बेटी नींद से जाग गई। जिसके बाद उसने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद घरवालों ने बड़ी मुश्किल से कमरा खोला और पुलिस को मामले की सूचना दी। पिंकी उरांव अपने पीछे दो बेटी को छोड़ गई है।