Crime

*नीमडीह के बाड़ेदा में शौच करने गई महिला की हत्या*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: सरायकेला खरसावां जिला स्थित चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के बाड़ेदा गांव में सोमवार की रात शौच करने गई महिला की वजनदार चीज से वार कर हत्या कर दी गई। मृतिका के चेहरे की दायीं ओर और सिर पर चोट का गहरा निशान है। मृतका की पहचान बाड़ेदा निवासी संजय रजक की 30 वर्षीय पत्नी बबीता रजक के रूप में की गई है। मृतका के पति ओड़िशा में काम करते हैं। वह अपने दो बच्चे और वृद्ध सास-ससुर के साथ गांव में ही रहती थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद नीमडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का अनुसंधान शुरू किया। इस संबंध में थाना प्रभारी तंजील खान ने बताया कि मृतका के चेहरे और सिर के पीछे हिस्से में किसी वजनदार चीज से वार करने का निशान है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड के मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

*सास के साथ खेत में शौच करने गई थी महिला*

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम अंधेरा होने के बाद मृतका बबीता रजक अपनी सास शमला रजक के साथ घर के करीब चार सौ मीटर दूर खेत में शौच करने गई थी। काफी देर होने के बाद सास ने जब उसे आवाज लगाई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। शमला रजक वृद्ध हैं और उन्हें दिखाई व सुनाई कम देता है। इसके कारण वह वापस घर आईं और आस-पड़ोस के लोगों के साथ वापस खेत में जाकर टार्च की रोशनी में बबीता को खोजने लगीं।

इसी दौरान शौच करने गए स्थान से दूर खेत में बबीता खून से लथपथ मिली। उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिले जहां से खून बह रहा था। अत्याधिक रक्तस्राव के कारण संभवतः उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश भी व्याप्त है।

*जांच में जुटी पुलिस*

घटना से आक्रोशित लोगों ने इसकी सूचना तत्काल नीमडीह थाना की पुलिस को दी। लोगों ने उसके पति को भी घटना की जानकारी दी। पत्नी की हत्या की जानकारी मिलते ही संजय रजक अपने घर के लिए निकल पड़े। मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण नीमडीह थाना पहुंचे और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका की सात साल की बेटी और पांच साल का एक बेटा है। मृतका के पति ओडिशा के एक होटल में कुक का काम करते हैं।

नीमडीह थाना की पुलिस मामले का अनुसंधान शुरू कर चुकी है और लोगों से पूछताछ कर जानकारी और साक्ष्य जुटा रही है। मृतका का किसी के साथ प्रेम-प्रसंग होने का भी अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

Related Posts