Politics

झारखंड की सरकार ने यहां के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है: तेजस्वी सूर्या

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने आज रांची में भाजपा सांसद संजय सेठ के समर्थन में एक बाइक रैली में भाग लिया और झारखंड की सरकार पर युवाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर साल 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वह इसमें असफल रही है।

तेजस्वी सूर्या ने रैली में कहा, “झारखंड की वर्तमान सरकार युवा विरोधी है। उन्होंने वादा किया था कि हर साल 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे, और जब तक नौकरी नहीं देंगे, तब तक 7000 रुपये प्रति महीना बेरोजगारी भत्ता देंगे। क्या यहां के युवाओं को नौकरी मिली? बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला? और तो और, भर्ती परीक्षा में पेपर लीक हो रहे हैं, 25 लाख रुपये में परीक्षा के पूर्व पेपर बेचे जा रहे हैं। चाहे स्टार्टअप हो या अन्य किसी भी प्रकार के रोजगार के अवसर, झारखंड की सरकार इन्हें प्रदान करने में असफल रही है।”

उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया और कहा, “यहां की बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। अत्याचार चरम पर है, मंत्री के करीबियों के यहां से नोटों के बंडल निकल रहे हैं। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। झारखंड भ्रष्टाचार के कारण शर्मसार हुआ है।”

रैली की शुरुआत बिरसा चौक से हुई, जहां तेजस्वी सूर्या ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद, रांची महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोमित नारायण के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का भव्य स्वागत किया गया। बाइक रैली में हजारों की संख्या में युवा शामिल हुए, जिन्होंने अपने उद्घोष से बताया कि देश अबकी बार 400 सीटों के लक्ष्य को पूरा करेगा। इस रैली में संजय सेठ, भाजयुमो झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विनय जायसवाल, और केके गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे।

सांसद संजय सेठ ने अपने भाषण में कहा, “आज पूरा देश मोदी-मोदी कर रहा है। पूरा देश चाहता है कि तीसरी बार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस देश का नेतृत्व करें। जिस तरह पूरे देश में मोदी की लहर है, इस बार निश्चित रूप से हम 400 का लक्ष्य पूरा करेंगे और भारत को एक विकसित राष्ट्र की ओर ले जाएंगे।”

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे सिर्फ धर्म के आधार पर राजनीति कर रहे हैं और लोगों को बांट रहे हैं। उनके पास न कोई नीति है, न कोई नेता। इसलिए 25 तारीख को राष्ट्र के निर्माण के लिए, राष्ट्र के हित के लिए अपना मतदान अवश्य करें।”

संजय सेठ ने रांची के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जनता से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें दिल्ली में मंत्रियों के यहां रांची की समस्याओं को लेकर दौड़ते हुए देखा है। आज रांची में कई बड़े काम इनके प्रयास से हुए हैं। ऐसे सरल स्वभाव के व्यक्तित्व वाले रांची के सांसद को फिर से भारी मतों से विजय बनाएं।”

Related Posts