Politics

रांची को नशे और अपराधियों का अड्डा नहीं बनने देंगे: संजय सेठ*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: रांची के सांसद संजय सेठ ने रांची में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और अपराध को लेकर आज अपने सांसद कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी और प्रशासन को सख्त चेतावनी दी।

*रांची में शराब की दुकान रात्रि 9:00 बजे और बार 10:00 बजे तक बंद हो*

सांसद संजय सेठ ने प्रेस वार्ता में कहा कि रांची नशा और अपराध की राजधानी बनती जा रही है। रोजाना अपराधी घटनाएं हो रही हैं और हमारे बच्चे नशे के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत 2 साल पूर्व उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और डीजीपी सहित संबंधित अधिकारियों को चेताया था कि रांची में नशे का कारोबार बढ़ रहा है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता बताई थी, परंतु सरकार और प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजतन, आज पूरा शहर नशे की गिरफ्त में है।

*एसी चेंबर में बैठकर पुलिसिंग नहीं होती, अधिकारियों को एसी चैंबर से बाहर आना होगा*

सांसद सेठ ने कहा कि रांची के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर के सामने ड्रग्स और नशे का अवैध कारोबार हो रहा है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रांची में पश्चिमी सभ्यता को लाकर खड़ा कर दिया गया है और रात 2:00 बजे तक बार में शराब परोसी जा रही है। रांची की अच्छी हवाओं और एजुकेशन सिस्टम के बावजूद नशे के कारोबार ने सारे सिस्टम को खराब कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज हमारी संस्कृति, समाज और सभ्यता नष्ट हो रहे हैं। नशे की लत ने कई बच्चों की जान ले ली है और कई घरों के चिराग बुझ गए हैं।

*4 जुलाई के बाद नशा और अपराध के विरोध में जोरदार जन आंदोलन करेंगे*

सांसद सेठ ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 4 जुलाई के बाद रांची में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और अपराध के विरुद्ध रांची की जनता के सहयोग से एक जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से राजनीति से ऊपर उठकर रांची को बचाने, नशा मुक्त करने और अपराधियों को खत्म करने की अपील की।

*एक साजिश के तहत रांची लोकसभा के लाखों मतदाता को वोट देने से वंचित रखा गया*

सांसद सेठ ने कहा कि 25 तारीख को रांची लोकसभा के चुनाव में वोटर लिस्ट में बहुत गड़बड़ियां पाई गईं। शहर के अधिकांश बूथ पर कई लोगों के नाम नहीं थे और बूथ लिस्ट में कई नामों के आगे ‘डिलीट’ लिखा हुआ था। इस बार वोटर लिस्ट में डिलीट का खेल खेला गया है जिससे लाखों लोग वोट देने से वंचित रह गए। भाजपा लीगल सेल के सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि यह सिर्फ रांची ही नहीं, पूरे झारखंड में इस तरह का षड्यंत्र रचा गया है। सभी तथ्य जुटाकर इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग दिल्ली और झारखंड को की गई है और जांच की मांग की गई है। उन्होंने उन B.L.O. पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जो इस साजिश या लापरवाही में शामिल हैं। इस प्रेस वार्ता में सांसद के प्रेस प्रतिनिधि संजय पोद्दार भी शामिल रहे।

Related Posts