Crime

रसुनिया गांव में वृद्ध महिला की धारदार हथियार से हत्या, बेटी संदिग्ध**

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: सरायकेला खरसावां जिला स्थित चांडिल थाना क्षेत्र के रसुनिया गांव में 65 वर्षीय वृद्ध महिला लूसी मांझियाइन की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार की देर रात की है। जानकारी के मुताबिक, वृद्ध महिला का बेटा रात्रि में पास के गांव में मेला देखने गया हुआ था जबकि वृद्ध महिला और उसकी बेटी घर में ही थीं। रात करीब 11 बजे जब वृद्ध महिला का बेटा घर लौटा तो उसने देखा कि उसकी मां मरी पड़ी हुई है और उसके शरीर पर गहरे जख्म के निशान हैं। वहीं, उसकी बहन घर से गायब थी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वरुण यादव मध्यरात्रि को घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। मृतक के बेटे द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर संदेह के घेरे में आई मृतका की बेटी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके ससुराल, चांडिल के चैनपुर के लिए निकल गई है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। गांव में इस घटना से हड़कंप मच गया है और लोगों में भय का माहौल है।

Related Posts