Crime

बाल सुधार गृह से हुआ था फरार,फिर गैंग बनाकर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई, कई ट्रैक्टरों को किया था आग के हवाले,पांच अपराधी गिरफ्तार…

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखण्ड : हजारीबाग जिले के बड़कागांव में 10 दिनों के अंदर 9 ट्रैक्टरों में आग लगाने वाले 5 अपराधियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

बता दें हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13, 16 और 23 मई को कुल 9 ट्रैक्टरों में आग लगाई गई थी।हजारीबाग पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अपराधियों में मास्टरमाइंड गौतम कुमार के अलावा अरुण कुमार, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार और सुनील कुमार शामिल हैं। कुलदीप कुमार गोंदलपुरा बड़कागांव का रहने वाला है। वहीं बाकी सभी बड़कागांव हरली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।इनके पास से दो देसी पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस, हस्तलिखित रंगदारी पर्ची, 7 मोबाइल और एक मोटरसाइकिल समेत घटना में प्रयुक्त कई सामान बरामद किया गया है।

जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने गुरूवार को बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। जिसने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना का खुलासा किया है। इस घटना के पीछे मुख्य योजना 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की थी।लेकिन रंगदारी मांगने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।इस घटना के मास्टरमाइंड गौतम कुमार के बारे में जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी ने बताया कि उसके खिलाफ कमकमदाग थाने में मामला दर्ज है। वह बाल सुधार गृह से फरार था। फरार होने के बाद वह किसी दूसरे जिले में जाकर कोयले का कारोबार कर रहा था। वह हजारीबाग आकर अपना अलग गिरोह बनाने की फिराक में था।लेकिन पहली घटना को अंजाम देने के दौरान ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Posts