Jharkhand News Update (Patamda): अनियंत्रित ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर हुई मौत

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा आदर्श गांव में शुक्रवार की तड़के सुबह 4 बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क से उतरकर एक कच्चे मकान में जा घुसा। इस हादसे में घर के बाहर दातुन कर रही महिला आन्ना महतो बुरी तरह से कुचली गईं। चालक ने ट्रक को तेजी से भगाते हुए बांदोवान की ओर ले भागा।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय निवासी अबोध कालिंदी ने तुरंत एक वाहन की व्यवस्था करते हुए गंभीर रूप से घायल आन्ना महतो (30 वर्ष) को माचा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ सुबह 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मृतका के पति सनातन महतो भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। ट्रक के धक्के से घर का एस्बेस्टस टूटकर गिरने से घर के अंदर खटिया में सो रहे पति को सिर, पैर समेत कई जगहों पर चोटें आईं। घटना में दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए हैं।
इस दुर्घटना ने मृतका के परिवार को शोक में डूबा दिया है। मृतका आन्ना महतो की 8 वर्षीय बेटी रिया महतो और 6 वर्षीय बेटा रोहित महतो हैं। आन्ना और उनके पति विभिन्न गांवों में सिविल वर्क में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।