Politics

देश की राजनीति में। सस्पेंस…नीतीश-ममता का साथ मिला तो बन सकती है INDIA गठबंधन की सरकार! दिल्ली से लखनऊ तक बैठक शुरू

न्यूज़ लहर संवाददाता
नई दिल्ली: लोकसभा की 542 सीटों के लिए काउंटिंग जारी है। दोपहर 4 बजे तक के रुझानों में NDA को 298 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं INDIA को 200 सीटों पर बढ़त हासिल हो चुकी है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि, बहुमत का आंकड़ा 272 है। इस बार कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन शानदार प्रदर्शन करता नजर आ रहा है।
2014 और 2019 के चुनाव नतीजों के विपरीत इस बार बीजेपी बहुमत के लिए जरूरी जादुई आंकड़े से पीछे रहती नजर आ रही है। भाजपा गठबंधन को मेजॉरिटी मिलती दिख रही है, लेकिन क्या INDIA के भी सरकार बनाने की संभावना है। अगर कुछ सीटें इधर-उधर हुईं तो बीजेपी का सरकार बनाना मुश्किल हो जाएगा।
दरअसल, आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू और बिहार में नीतीश कुमार किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं। इंडिया गठबंधन के पास अगर 242 का आंकड़ा रहता है तो वह टीडीपी और जेडीयू के साथ मिलकर सरकार बना सकती है। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) 16 और जनता दल यूनाइटेड (JDU) 14 सीटों पर आगे चल रही है। दोनों दलों के पास अगर 30 सीटों का आंकड़ा आ जाता है तो इंडिया गठबंधन 272 के आंकड़े तक पहुंच सकता है। INDIA को 200 सीटें मिलती हैं, तो यह बहुमत से 72 सीटें पीछे रहता है। ऐसे में बहुमत के लिए उसे मौजूदा सीट शेयरिंग से बाहर भी पार्टनर खोजने होंगे।

जब कांग्रेस की अगुआई में INDIA ब्लॉक बना था, तब ममता बनर्जी इसकी बैठक में शामिल हुई थीं। हालांकि बंगाल में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर तृणमूल और कांग्रेस के बीच सहमति नहीं बन पाई और दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया। लेकिन ममता बनर्जी ने कहा था कि वे INDIA के साथ हैं। लिहाजा अगर सरकार बनाने की नौबत आती है, तो तृणमूल गठबंधन को समर्थन दे सकती है। तृणमूल के पास 31 सांसद है।
बिहार में भाजपा ने जनवरी 2024 में जदयू के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इससे पहले नीतीश राजद और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार के मुखिया थे। ऐसे में अगर INDIA ब्लॉक नीतीश को अच्छी पोजिशन ऑफर करता है, तो उनकी वापसी हो सकती है। जदयू के पास 15 सांसद है। टीडीपी की बात की जाए तो चंद्रबाबू नायडू का इतिहास भी कुछ ऐसा ही रहा है। वह कभी सहयोगी दल तो कभी विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में उन्होंने एनडीए के साथ चुनाव लड़ा, लेकिन 133 सीटों पर जीत के साथ बढ़ रही टीडीपी अकेले भी सरकार बनाने की स्थिति में है। ऐसे में वह राज्य और केंद्र में एनडीए का दामन छोड़ सकती है। बताते चलें कि चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी ला चुकी है।

Related Posts