Politics

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को झारखंड के खूंटी लोकसभा सीट पर हार*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: खूंटी लोकसभा सीट पर केंद्रीय आदिवासी कल्याण सह कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के कालीचरण मुंडा ने इस चुनाव में निर्णायक बढ़त हासिल की है। अंतिम राउंड की गिनती के बाद कालीचरण मुंडा को 1 लाख 45 हजार 719 मतों की बढ़त रही, जिससे उनकी जीत तय मानी जा रही है।

अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस के कालीचरण मुंडा को 5 लाख 3 हजार 613 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के अर्जुन मुंडा को 3 लाख 57 हजार 894 वोट मिले हैं। कुल 17 राउंड की मतगणना होनी थी, जिनमें से 16 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। अंतिम राउंड में कोई बड़ा बदलाव संभव नहीं है।

खूंटी भाजपा की पारंपरिक सीट रही है। यहां से पहले कड़िया मुंडा चुनाव लड़ते थे और भाजपा चुनाव जीतती रही है। बाद में उनकी जगह अर्जुन मुंडा को टिकट दिया गया था। पिछले चुनाव में अर्जुन मुंडा को केवल 1448 वोटों से जीत मिली थी, लेकिन इस बार उन्हें 1 लाख 50 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

कालीचरण मुंडा खूंटी के ही निवासी हैं, जबकि अर्जुन मुंडा बाहर से आकर यहां चुनाव लड़ते थे। अर्जुन मुंडा को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस क्षेत्र में भगवान बिरसा मुंडा की याद में कई कार्य भी किए थे, लेकिन इसके बावजूद भाजपा को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

कालीचरण मुंडा ने अपनी जीत के बाद कहा है कि वे क्षेत्र का विकास करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जनता के आदेश को स्वीकार करते हुए कहा कि जो जनता चाहती है, वही होता है।

Related Posts