Crime

बहरागोड़ा: हाइवा की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल**

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच 18 पर महेशपुर चौक स्थित मन्नत होटल के समीप बीती रात हाइवा की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गुहियापाल पंचायत के नूतनडीह गांव निवासी गंगाधर राणा (33) के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान गुहियापाल पंचायत के छोटा आसानबोनी गांव निवासी रामेश्वर मुंडा (37) के रूप में की गई है। पुलिस ने शनिवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेजा। वहीं, पुलिस हाइवा को जब्त कर जांच पड़ताल में जुट गई है।

**काम करके साइकिल से अपने घर लौट रहे थे दोनों राजमिस्त्री**

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गंगाधर राणा और रामेश्वर मुंडा राजमिस्त्री का काम करके साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। तभी सड़क पार करते समय दोनों एक हाइवा की चपेट में आ गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले गई। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद गंगाधर राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामेश्वर मुंडा का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीआरएम मेडिकल कॉलेज बरीपदा रेफर कर दिया गया।

Related Posts