Education

झारखंड सरकार ने भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर से स्कूलों के समय में बदलाव किया है। इस संबंध में सरकार के संयुक्त सचिव के हस्ताक्षर से एक आदेश जारी किया गया है, जिसके अनुसार 15 जून तक केजी से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से लेकर सुबह 11:30 बजे तक ही होगी।

पहले जारी किए गए आदेश में केजी से कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 से 11:30 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित की गई थी। लेकिन अब गर्मी के प्रचंड प्रभाव को देखते हुए नया आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत सभी कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 7:00 से 11:30 बजे तक ही होगी। यह आदेश सभी सरकारी, गैर-सरकारी, अर्द्ध-सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा और स्कूलों को इस नियम का सख्ती से पालन करने का आदेश दिया गया है।

झारखंड सरकार पहले भी मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव करती रही है। इस बार भीषण गर्मी के चलते, जब जमशेदपुर और रांची समेत पूरे राज्य में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, तब यह निर्णय लिया गया है। इसी वजह से सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव कर छात्रों और शिक्षकों को राहत प्रदान करने का प्रयास किया है।

Related Posts