Crime

पश्चिम सिंहभूम में 5 हार्डकोर नक्सली को ढेर कर 2 को गिरफ्तार करने वाले जवानों को डीजीपी किया सम्मानित

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच हार्डकोर और इनामी नक्सलियों के मारे जाने और दो नक्सलियों के गिरफ्तार होने के बाद झारखंड पुलिस के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को चाईबासा का दौरा किया। उनके साथ एडीजी ऑपरेशन संजय आनंद लाटकर, जोनल आईजी रांची अखिलेश झा, डीआईजी जगुआर इंद्रजीत महथा, डीआईजी ऑपरेशन एस कार्तिक, आईजी ऑपरेशन अमोल वेणुकांत होमकर और सीआरपीएफ के डीआईजी भी मौजूद थे।

पुलिस लाइन में आयोजित एक समारोह में, डीजीपी अजय कुमार सिंह ने ऑपरेशन में शामिल सीआरपीएफ, कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित और पुरस्कृत किया। उन्होंने इस सफलता को झारखंड पुलिस और जिला पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। डीजीपी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलियों का पूर्ण सफाया होने तक अभियान जारी रहेगा और नक्सलियों को हिंसा छोड़कर मुख्य धारा में शामिल होने की सलाह दी, अन्यथा वे मारे जाएंगे।

डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा, “यह झारखंड पुलिस और जिला पुलिस के लिए बहुत बड़ी सफलता है। विगत दो वर्षों से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था, जिसमें पुलिस और सुरक्षाबलों को काफी सफलता मिल रही है। सीआरपीएफ, पुलिस, जगुआर, कोबरा द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। जब तक नक्सलियों का सफाया नहीं हो जाता, नक्सली या तो हिंसा का मार्ग, हथियार छोड़कर मुख्य धारा में शामिल हो अन्यथा ऐसे ही मारे जाएंगे।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के अति नक्सल प्रभावित जिलों में झारखंड का चाईबासा 12वां जिला है और झारखंड का पहला जिला है जो अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। जल्द ही सारंडा और इस जिले को नक्सली मुक्त क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव पर पूरे देश के चुनाव आयोग की नजर थी क्योंकि यह अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। इसमें बिना किसी नुकसान के पुलिस ने सफलतापूर्वक चुनाव कराने में सफलता पाई है, जो जिला और झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि रही।

इस अवसर पर चाईबासा एसपी आशुतोष शेखर, जिला पुलिस के पदाधिकारी, डीएसपी अभियान आदि भी उपस्थित थे। समारोह में डीजीपी अजय कुमार सिंह ने ऑपरेशन में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों और जवानों को उनके साहस और समर्पण के लिए सम्मानित किया।

Related Posts