Crime

जमशेदपुर: सोनारी में गुटीय संघर्ष, चापड़ से हमला कर विनय बागची घायल

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित जमशेदपुर के सोनारी में एक बार फिर गुटीय संघर्ष के चलते हिंसा का मामला सामने आया है। रविदास गुट के एक युवक ने विरोधी विकास सिंह गुट के विनय बागची पर चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल विनय बागची निर्मल नगर बी ब्लॉक के निवासी हैं, जबकि हमला करने वाला राहुल भी इसी क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों गुटों के बीच कई वर्षों से खूनी संघर्ष चला आ रहा है और अब तक इस संघर्ष में दर्जनों युवकों की हत्या हो चुकी है।

घायल विनय ने बताया कि वह घोड़ा मंदिर चौक के समीप सवेरे चाय पी रहे थे। इसी बीच राहुल मुर्गा काटने वाला चापड़ लेकर वहां आया और पीछे से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में विनय की पीठ पर कई गहरे जख्म आए हैं। हमले के बाद हो-हल्ला मचने पर राहुल वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से विनय को पहले सोनारी थाना और फिर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर से सोनारी क्षेत्र में गुटीय संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावर राहुल की तलाश जारी है।

Related Posts