लखनऊ में डबल मर्डर से सनसनी, नाबालिग भांजे ने मामा-मामी को मारी गोली, भाई को भी घायल किया
न्यूज़ लहर संवाददाता
यूपी:लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में डबल मर्डर से हड़कंप मच गया है। आरोपी भांजे ने मामा और मामी की गोली मारकर हत्या कर दी है, जबकि मृतक का बेटा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी भांजे की तलाश में जुटी हुई है।
घटना इंदिरानगर के तकरोही चौकी के अंतर्गत सेक्टर बी की बताई जा रही है। यहां रात 9 बजे के करीब पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने देखा कि कुल 3 लोग गोली लगने से घायल हो गए थे। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राजेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी सरोज सिंह के रूप में हुई है। उनके बेटे श्रवण सिंह को गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है और उसका इलाज चल रहा है।
डीसीपी उत्तरी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला हमलावर मृतक राजेन्द्र सिंह का 17 वर्षीय भांजा है। उन्होंने बताया कि गोलीकांड में राजेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी सरोज सिंह की मौत हो गई है, जबकि उनके बेटे श्रवण सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।
घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस हत्याकांड से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।