Crime

गिरिडीह में प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, महिला हिरासत में

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:गिरिडीह जिले में एक युवक का शव तालाब से बरामद हुआ है। शव भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के हरियाडीह पंचायत के डूमरबाकी स्थित तालाब से बरामद हुआ। मृतक पुरहरा गांव निवासी 42 वर्षीय नारायण यादव उर्फ ​​टेकन यादव थे।

मृतक के परिजनों ने नारायण यादव की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का संदेह जताया है। वहीं, हत्या में शामिल होने के संदेह में एक महिला की भी ग्रामीणों ने बुरी तरह पिटाई की है। मृतक की पत्नी प्रमिला देवी के अनुसार, नारायण यादव शनिवार को घर से निकले थे और रात में वापस नहीं लौटे तो चिंता बढ़ गई। इसी बीच रविवार की सुबह पता चला कि उसके पति का शव तालाब में मिला है।

मृतक की पत्नी ने यह भी बताया कि उनके पति का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही भेलवाघाटी थाना और गुनियाथर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। उसके बाद पोस्टमार्टम में लिए भेज दिया।

इस मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नारायण की मौत कैसे हुई, क्या यह हत्या है या घटना के पीछे कोई और वजह है।

इस बीच भाकपा माले ने इस हत्या की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला परिषद सदस्य उस्मान अंसारी, भाकपा माले नेता अशोक पासवान, मीना दास ने कहा है कि एक ही दिन अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की हत्या कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है।

Related Posts