सूरत से गांव लौट रहे युवक की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे मिली लाश

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पलामू में गुरुवार की सुबह एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पाटन थानाक्षेत्र के महिंद्रा मोड़ के पास मिली मृतक की पहचान कृष्णा दुबे (25) के रूप में हुई, जो बरसैता गांव का रहने वाला था और छुट्टी पर सूरत से अपने घर आ रहा था।
ऑटो से उतरते ही हमलावरों ने किया हमला
युवक ऑटो से महिंद्रा मोड़ पर उतरने के बाद ही तीन हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। मृतक के पिता नारद दुबे के अनुसार, उनका अपने कुछ रिश्तेदारों से जमीन का विवाद है, जिसकी वजह से यह घटना हुई है।
पुलिस ने किया घटनास्थल का जायजा
घटनास्थल पर पहुंचे SP चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि युवक की हत्या तीन लोगों ने मिलकर की है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।
नाबालिग भांजे ने दी जानकारी
मृतक का नाबालिग भांजा घटना का चश्मदीद है। उसने बताया कि महिंद्रा मोड़ पर मामा कृष्णा दुबे को लेने बाइक से गया था। तभी एक बाइक पर तीन लोग आए और कृष्णा दुबे पर गोली चला दी। गोली लगने से उसका मामा गिर पड़े। वह भागकर घर गया और लोगों को जानकारी दी। घर वाले पहुंचे तो देखा कि कृष्णा दुबे का धारदार हथियार से गला रेता गया था।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर मृतक के घर आने की जानकारी किन लोगों को थी। क्या पहले किसी तरह की आपसी रंजिश किसी से थी, जो उसके सूरत से वापस लौटने के पल-पल की जानकारी से वाकिफ था और मौका देखकर उसकी हत्या कर दी।