Crime

चांडिल अनुमंडल में अवैध लॉटरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: सरायकेला खरसावां जिला में शुक्रवार को पुलिस ने चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध लॉटरी के कारोबार का खुलासा किया। पुलिस ने सादे लिबास में छापामारी कर नीमडीह थाना के तहत चांडिल स्टेशन चौक से स्टेशन जाने वाली सड़क पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तार लोगों से बरामद सामान

 

गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से लॉटरी टिकट, नकद राशि और मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस की कार्रवाई से स्पष्ट हुआ कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध लॉटरी का कारोबार व्यापक पैमाने पर फैल चुका है।

गरीब और मजदूर वर्ग के लोग लगा रहे अपनी कमाई

 

गरीब और मजदूर वर्ग के लोग रातोंरात अमीर बनने की आशा में अपनी मेहनत की कमाई लॉटरी में लगा रहे हैं। अवैध लॉटरी के खिलाफ विभिन्न मंचों पर लगातार आवाज उठती रही है, लेकिन यह समस्या अब तक गंभीरता से नहीं सुलझाई गई थी।

पुलिस ने किया छापामारी, दावा कि डीआईजी के साले का भी है हाथ

 

नीमडीह थाना को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि स्टेशन रोड पर अवैध लॉटरी का कारोबार चल रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने छापामारी की। छापामारी के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों ने यह भी दावा किया कि उनके धंधे में डीआईजी के साले का भी हाथ है, जिससे वे अपने कारोबार को सुरक्षित मानते थे।

अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल

 

छापामारी के बाद, अवैध लॉटरी के कारोबारियों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच कर रही है।

Related Posts