भाजपा नेता विकास सिंह को फिर मिला साइबर थाने का नोटिस, स्वास्थ्य मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखण्ड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित जमशेदपुर में भाजपा नेता विकास सिंह को एक बार फिर से साइबर थाने की ओर से नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस उनके आवास पर मानगो थाना के माध्यम से पहुंचाया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास सिंह ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विकास सिंह ने कहा कि करीब डेढ़ साल पहले मंत्री बन्ना गुप्ता ने एक अश्लील वीडियो के माध्यम से पूरे झारखंड को शर्मसार किया था। इस मामले में जिला प्रशासन ने वीडियो की सत्यता जांचने के लिए उसे रांची की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा था।
सिंह का दावा है कि वीडियो पूरी तरह सही था, लेकिन मंत्री ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए FSL मशीन को खराब घोषित करवा दिया।
विकास सिंह ने बताया कि उन्होंने लगातार सोशल मीडिया और अखबारों के जरिए FSL रिपोर्ट की मांग की है, लेकिन अब तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। इसके बजाय, मंत्री ने अपने प्रभाव का उपयोग कर उन्हें साइबर थाना से नोटिस भेजवाकर डराने और परेशान करने का प्रयास किया है।
विकास सिंह ने जमशेदपुर की जनता से सवाल करते हुए कहा, “क्या FSL रिपोर्ट की सच्चाई मांगना गलत है, और मंत्री द्वारा फैलाई गई अश्लीलता सही है?”
इस मामले ने जमशेदपुर के राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है, और जनता सच्चाई जानने की मांग कर रही है।