लातेहार: नदी में बाढ़ आने से तीन ग्रामीण और 50 बकरियां बहीं, तलाश जारी**
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखण्ड:लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक घटना घटी। बलबल नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण तीन ग्रामीण, जिनमें दो महिलाएं और एक 13 वर्षीय लड़का शामिल हैं, नदी की धारा में बह गए। इस घटना में करीब 50 बकरियां भी बाढ़ में बह गईं।
घटना उस समय हुई जब बिशनपुर गांव के कुछ लोग अपनी बकरियों को चराने के लिए नदी के उस पार स्थित जंगल में गए थे। देर शाम जब वे बकरियों के साथ वापस लौट रहे थे, तो अचानक बारिश होने लगी, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। ग्रामीणों को इसका अंदाजा नहीं हो पाया और तीन लोग बाढ़ में बह गए। कुछ लोग किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बसंती देवी, फूलो देवी और एक 13 वर्षीय लड़का लापता हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, अंधेरा होने के कारण तलाश और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। ग्रामीणों के अनुसार, उनके साथ नदी पार कर रही लगभग 50 बकरियां भी बाढ़ की चपेट में आकर लापता हो गईं।
सुबह होते ही ग्रामीणों ने फिर से लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। बालूमाथ के एसडीपीओ आशुतोष सत्यम ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की छानबीन जारी है, और जल्द ही घटना के बारे में और जानकारी सामने आएगी।