Crime

जमशेदपुर: बिष्टुपुर में मारुति सुजुकी शोरूम पर अंधाधुंध फायरिंग, व्यापारियों में दहशत**

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखण्ड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित मारुति सुजुकी एरिना शोरूम में शनिवार शाम को अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। फायरिंग के दौरान शोरूम के शीशे से गोली आर-पार हो गई, लेकिन सौभाग्य से किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और न ही कोई अन्य संपत्ति का नुकसान हुआ।

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने संभावित अपराधियों के ठिकानों पर रातभर छापेमारी भी की है।

घटना के बाद शोरूम को बंद करा दिया गया। सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की

और पुलिस से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं व्यवसायियों के लिए गंभीर खतरा हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार को टेल्को और जुगसलाई में हुई गोलीबारी की घटनाओं के बाद अब बिष्टुपुर में इस प्रकार की फायरिंग ने व्यापारियों के बीच भय का माहौल बना दिया है।

इस घटना ने शहर में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही व्यापारियों के मन में सुरक्षा की भावना लौटाई जा सकेगी।

Related Posts