Regional

मानगो फ्लाईओवर का नींव कार्य शुभारंभ: मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया वादे को पूरा

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री तथा जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक बन्ना गुप्ता ने आज मानगो फ्लाईओवर के पियर संख्या 30 के नींव कार्य का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया। यह फ्लाईओवर जमशेदपुर में यातायात की भीड़ को कम करने और शहर की कनेक्टिविटी को सुधारने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि 2.8 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में चार-लेन और दो-लेन खंड शामिल होंगे। इसके अलावा, स्वर्णरेखा नदी पर एक ओवरब्रिज का भी निर्माण होगा, जिससे मरीन ड्राइव, डिमना, आज़ाद बस्ती, साकची, भुइयाडीह और बिस्टुपुर के निवासियों को विशेष लाभ मिलेगा। फ्लाईओवर बनने से न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि ईंधन की खपत और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी, जिससे लोगों की यात्रा अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल हो जाएगी।

मंत्री बन्ना गुप्ता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक नेताओं ने इस परियोजना को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन जनता की जीत हुई और आज नींव निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है और जल्द ही 200 सीसीटीवी कैमरे पूरे शहर में लगाए जाएंगे, जो एक अत्याधुनिक क्राइम कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे और पूरे जमशेदपुर शहर पर निगरानी रखेंगे।

उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एमजीएम अस्पताल का नवीनीकरण, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निर्माण, 100 बेड के सीसीयू अस्पताल की स्थापना और 50 बेड का धनवंतरी अस्पताल भी जल्द बनकर तैयार हो रहा है। इसके अलावा, मानगो में 6 नए अर्बन हेल्थ सेंटर खुल चुके हैं, और डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में ओपीडी की सुविधा भी शुरू होने जा रही है।

इस अवसर पर आरसीडी के दीपक सहाय, टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट के अमित सिंह, मानगो नगर निगम के उप प्रशासक रंजीत लोहरा और कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Posts