Regional

बागबेड़ा के निचले इलाकों में बारिश का कहर, घरों में घुसा पानी, बाढ़ जैसी स्थिति

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।जमशेदपुर के बागबेड़ा के निचले इलाकों में भारी बारिश के चलते कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे वहां बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। स्थानीय निवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है, और अगर बारिश का कहर यूं ही जारी रहा, तो लोगों को मजबूरन अपने घर छोड़कर दूसरी जगहों पर शरण लेनी पड़ेगी।

यह समस्या नई नहीं है। हर साल मानसून के दौरान बागबेड़ा के निचले इलाकों के लोग इसी संकट से जूझते हैं। प्रत्येक वर्ष जिला प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाते हैं कि इस समस्या का समाधान किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। इससे स्थानीय निवासियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

राजनीतिक दल हो जाते हैं सक्रिय

बारिश के पानी के घरों में घुसते ही राजनीतिक दल भी सक्रिय हो जाते हैं। वर्तमान स्थिति में भाजपा नेता सुबोध झा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और सभी प्रभावित घरों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन से इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में पहल करनी चाहिए और स्थायी समाधान निकालना चाहिए ताकि हर साल लोगों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।

स्थिति गंभीर बनी हुई है, और स्थानीय निवासियों को अब प्रशासन और राजनीतिक नेताओं से मदद की उम्मीद है।

Related Posts