Crime

सुपरवाइजर की सरेआम गोली मारकर हत्या

न्यूज़ लहर संवाददाता
मध्यप्रदेश: आर्थिक राजधानी इंदौर में अपराधी बेलगाम हैं। इंदौर शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कुछ दिन पहले ही पुलिस को चेतावनी दी थी। उसका कोई असर नहीं हुआ है। सुपर कॉरिडोर स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट के सुपरवाइजर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक सुपरवाइजर की पहचान बलराम यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।


मृतक बलराम एक निर्माणाधीन मल्टी में सुपरवाइजर का काम करता था। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हथियारबंद बदमाश ने सरेराह घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बलराम निवासी हातोद के रूप में हुई है।


वह मकान निर्माण कंपनी में सुपरवाइजर का काम करता था। पुलिस ने बताया कि किसी ने विवाद के दौरान उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बलराम को अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, जिस निर्माणाधीन मल्टी में हत्या हुई है, वह किसी पापड़ वालों की बताई जा रही है। पुलिस मल्टी में काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आपसी विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बलराम कार से फैक्ट्री की तरफ जाते दिख रहे है।

दो दिन पहले ही कैलाश विजयवर्गीय ने दी थी ये चेतावनी
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भाजपा सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में शामिल होने भागीरथपुरा इलाके में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर नाराजगी व्यक्त की थी। इसके बाद भी पुलिस अपराधों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

Related Posts