Politics

भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1 अक्टूबर को चाईबासा में परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।चाईबासा में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 1 अक्टूबर 2024 को टाटा कॉलेज मैदान में होने वाले परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया, जिनमें जेबी तुबिद, गीता बलमूचु, मनोज महतो, लाल मुनी पूर्ति, मनोज लियांगी, अनूप सुल्तानिया, सतीश पूरी और शुरू नदी शामिल थे।

बैठक के दौरान 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाले परिवर्तन यात्रा समापन समारोह के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, साथ ही झारखंड प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए कार्यों का वितरण किया गया और सभी आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया गया।

परिवर्तन यात्रा 30 सितंबर को जगन्नाथपुर विधानसभा से प्रारंभ होगी और मझगांव विधानसभा में प्रवेश करेगी। इस दौरान कई आम सभाएं और मोटरसाइकिल रैलियों का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के अंतिम दिन 1 अक्टूबर को चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में एक विशाल आम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 20,000 भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्र की आम जनता के उपस्थित होने की उम्मीद है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 28 सितंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया को प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, 29 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “मन की बात” कार्यक्रम को सभी बूथों पर सुनने की योजना बनाई गई है, जिससे कार्यकर्ताओं में और अधिक उत्साह का संचार हो सके।

आज की बैठक में विपिन लागुरी, पवन शर्मा, राकेश शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दुर्गावती बोयपाई, हेमंत केसरी, रामानुज शर्मा, नवीन गुप्ता, अमित जायसवाल, विनय शांडिल, अनंत सयनम, गुल्लू कुमार, चंद्र मोहन तिऊ, सिकंदर सुंडी, नीरज पांडे, मुकेश कुमार जोगी, पिंटू कुमार, अनिल बिरुली, चंदन झा, रंजन प्रसाद, द्वारिका शर्मा और नगर कमेटी के मंडल अध्यक्ष सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्यों का मार्गदर्शन किया और उन्हें जिम्मेदारियों का वितरण किया।

Related Posts