Uncategorized

चास में ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी का खुलासा, भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: बोकारो सेक्टर 12 थाना पुलिस ने गुरुवार को चास पुरुलिया रोड जेलमोड़ स्थित मेसर्स एम.एम. इंटरप्राइजेज में छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी किए गए ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए। इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन गोदाम के अंदर चोरी के सिलेंडर मिलने की पुष्टि हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उकरीद मोड़, बोकारो स्थित स्टॉक ऑक्सीजन नामक कंपनी से बुधवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी कर लिए गए थे। इस घटना के बाद कंपनी के कर्मचारी अजय कुमार यादव ने सेक्टर 12 थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

तत्काल कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर 12 थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह के नेतृत्व में जेल मोड़ स्थित मेसर्स एम.एम. इंटरप्राइजेज पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर से चोरी हुए सिलेंडर बरामद किए गए,

जबकि वहां काम कर रहे मजदूर पुलिस के पहुंचने से पहले भागने में सफल हो गए। पुलिस को गोदाम के अंदर कुछ कटे हुए सिलेंडर भी मिले हैं।

पुलिस ने सभी जब्त सिलेंडरों को थाने ले जाकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच तेजी से जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Posts