weather report

उत्तरी बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

नई दिल्ली:उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो चक्रवात में बदलने की संभावना रखता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि इसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है। इस चक्रवात के चलते 4 से 8 अक्तूबर तक पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी

 

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मन्नार की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात के कारण हवाएं 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसलिए, विभाग ने लोगों, खासकर मछुआरों को सलाह दी है कि वे अगले सात दिन पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी की ओर न जाएं।

मानसून का प्रभाव

 

देशभर से मानसून धीरे-धीरे जा रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 5 से 6 दिन तेज बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, 5 और 6 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों का हाल

 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश तथा पश्चिम के तटीय क्षेत्रों पर हवा का प्रेशर बना हुआ है। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन बादल छाए रहने और मामूली बूंदाबांदी होने के आसार हैं। साथ ही, उत्तरी बांग्लादेश और उससे सटे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखा जा सकता है।

इस स्थिति को देखते हुए सभी नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट्स पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

Related Posts