Politics

एनडीए की एकजुटता से सरयू राय की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर भाजपा ने की बैठक, 24 को करेंगे नामांकन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।जमशेदपुर में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र, जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एनडीए गठबंधन ने मौजूदा विधायक और प्रत्याशी सरयू राय की उम्मीदवारी को मजबूत करने के लिए सोमवार को साकची स्थित भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की

इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। बैठक में जमशेदपुर लोकसभा क्लस्टर प्रमुख भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, और अन्य प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान सरयू राय की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 24 अक्टूबर, गुरुवार को सरयू राय अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले बोधी मंदिर मैदान में सुबह 10 बजे एक भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एनडीए के शीर्ष नेताओं और हज़ारों समर्थकों के जुटने की उम्मीद है। जनसभा के बाद सरयू राय नामांकन दाखिल करेंगे, जो उनके चुनावी अभियान का एक अहम पड़ाव होगा।

इस बैठक में पश्चिम विधानसभा के सातों मंडलों के अध्यक्ष और जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। चुनाव प्रचार को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। भाजपा की रणनीति के तहत एनडीए गठबंधन की एकता और संगठन की शक्ति को जनता के बीच मजबूत संदेश के रूप में ले जाने पर विशेष बल दिया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरयू राय की जीत सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच प्रमुखता से रखा जाएगा, जबकि राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर किया जाएगा। सभी ने एक स्वर में सरयू राय की जीत को प्राथमिकता बताते हुए चुनावी अभियान में पूरी ऊर्जा लगाने की बात कही।

बैठक में प्रमुख रूप से विधायक और एनडीए प्रत्याशी सरयू राय, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जमशेदपुर लोकसभा संयोजक प्रमुख भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, जिला मंत्री विजय तिवारी, अखिल सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, अजीत कुमार सिंह, प्रशांत पोद्दार, बिनोद राय, फातिमा शाहीन, रवींद्र सिसोदिया सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Posts