भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सोनारी में श्रद्धांजलि

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मंगलवार को सोनारी के पंचवटी नगर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी रहे विकास सिंह ने भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
विकास सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भगवान बिरसा मुंडा धरती पर साक्षात भगवान के रूप में अवतरित हुए थे। उन्होंने न केवल भारत को आजादी दिलाने के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई बल्कि अपने समाज, संस्कृति और प्रकृति की रक्षा में भी अहम योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि बिना किसी आधुनिक संसाधन के भगवान बिरसा ने अंग्रेजों के दांत खट्टे किए और आदिवासी समाज को संगठित कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने भी हिस्सा लिया और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा निवेदित की। इस मौके पर वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्षों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।