मानगो पुल पर घंटों जाम, मरीज को बाइक पर ले जाना पड़ा अस्पताल
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर स्थित मानगो पुल पर शाम 4 बजे से भारी जाम लगा रहा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति इतनी विकट हो गई कि पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम जनता को भी जाम हटाने के प्रयास में लगना पड़ा।
जाम के कारण एंबुलेंस में फंसे एक मरीज को बाइक के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ा, क्योंकि जाम में फंसे वाहनों को निकालना नामुमकिन हो गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की कड़ी मेहनत के बावजूद जाम को हटाने में कई घंटे लग गए।
स्थानीय लोगों ने इस जाम की समस्या के लिए फ्लाईओवर की कमी को मुख्य कारण बताया।
उनका कहना है कि बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर का निर्माण बेहद जरूरी है। प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की गई है।