मानगो पुल पर जाम की समस्या: सरयू राय ने बताए समाधान के सुझाव
 
                                                
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर के मानगो पुल पर जाम की समस्या का जायजा लेने के लिए शुक्रवार सुबह जमशेदपुर पश्चिमी के जदयू के नव निर्वाचित विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुल और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर कहा कि यदि मानगो की तरफ ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त तैनाती हो, तो जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही इस गंभीर मुद्दे पर प्रशासनिक बैठक होनी है।

सरयू राय ने कहा कि रात 11 बजे नो एंट्री खुलने के बाद भारी संख्या में वाहन टिमकेन (साकची) गोलचक्कर से गुजरते हैं। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और जाम लग जाता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या का समाधान तभी संभव है, जब टिमकेन गोलचक्कर पर ट्रैफिक को फ्लाईओवर के माध्यम से ऊपर से निकाला जाए।

विधायक ने कहा कि वर्तमान में बन रहा फ्लाईओवर भी जाम की समस्या का संपूर्ण समाधान नहीं करेगा। डिमना रोड का ट्रैफिक तो फ्लाईओवर से जाएगा, लेकिन ओल्ड पुरुलिया रोड और आजादनगर के वाहनों को नीचे के रास्ते से ही गुजरना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि टिमकेन गोलचक्कर पर ट्रैफिक लोड कम करने के लिए एक नए बड़े फ्लाईओवर का निर्माण आवश्यक है।

राय ने बताया कि मानगो में जाम से आम लोग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सरकारी और प्राइवेट नौकरी करने वालों को कार्यालय पहुंचने में देरी हो रही है, बच्चों के स्कूल देर से पहुंचने पर उन्हें प्रवेश नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए गंभीर और स्थायी उपाय करने की आवश्यकता है।


 
							 
							 
							











