गम्हरिया में महिलाओं पर हमला, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को शर्मनाक घटना घटी, जिसमें शर्मा बस्ती की कुछ महिलाएं ऑटो में सवार होकर एक कार्यक्रम में जा रही थीं। रास्ते में कुछ उत्पाती युवकों ने ऑटो चालक से बहस शुरू कर दी, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने बीच सड़क पर ही ऑटो चालक और ऑटो में सवार महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, महिलाओं ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि घटना के वक्त पुलिस मूकदर्शक बनी रही और कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
गौरतलब है कि बुधवार को राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे राज्य में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान और उन्हें न्याय दिलाना था। सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय के टाउन हॉल सभागार में भी इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिलाओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। अब पीड़ित महिलाएं और घायल ऑटो चालक इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं, वहीं घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।