ब्राह्मण एकता और सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम: भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव समिति का वनभोज कार्यक्रम आयोजित
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर के टेल्को स्थित हुडको पार्क, टेल्को में भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव समिति द्वारा एक विशाल वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राह्मण समाज को संगठित करने, आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण परिवारों के उत्थान और युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

समिति के प्रमुख निर्णय और उद्देश्य
समिति के संयोजक कमलकिशोर जी ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में ब्राह्मणों की एकजुटता को बढ़ावा देना और जरूरतमंद ब्राह्मण परिवारों की सहायता करना है। इसके तहत जल्द ही वैवाहिक प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा, जिससे समाज के युवाओं को विवाह संबंधी सहयोग प्राप्त हो सके। इसके अलावा, उन शिक्षित बच्चों की सहायता करने का संकल्प लिया गया है जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज मानसिक और सामाजिक शोषण का शिकार हो रहा है, इसलिए सभी को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संगठित होना होगा। समिति का लक्ष्य समाज में शिक्षित ब्राह्मण युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें मुख्यधारा में शामिल करना है।
ब्राह्मणों की ऐतिहासिक भूमिका और सामाजिक योगदान
समाज के अग्रणी नेता राकेश्वर पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मणों ने हमेशा त्याग और बलिदान की परंपरा को आगे बढ़ाया है, लेकिन वर्तमान परिदृश्य में समाज की एकता की कमी के कारण वे उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों को अपने संस्कारों और शिष्टाचार को मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से अपनी पहचान बना सकें।
राकेश्वर पांडेय ने यह भी कहा कि समाज को कई बार बाहरी ताकतों ने विभाजित करने का प्रयास किया है, लेकिन ब्राह्मण समाज अपने विवेक और संगठित प्रयासों से हर बार उन बाधाओं को पार करने में सफल रहा है। इसलिए वर्तमान समय में समाज को पुनः एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करनी होगी।
समिति की संचालन टीम का गठन
समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला संयोजक मंडली का गठन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से शिव प्रकाश शर्मा, डीडी त्रिपाठी, रत्नेश तिवारी, विमलेश उपाध्याय, राजेश झा, रविंद्र मिश्रा, पप्पू मिश्रा, जुगुन पाण्डेय, अप्पू तिवारी, सुशील पांडे, निखिल तिवारी, वैभव उपाध्याय, संजय तिवारी, संजय उपाध्याय, रविरंजन तिवारी, पवन ओझा और सुनील तिवारी को शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य शिविर और भजन संध्या का आयोजन
वनभोज कार्यक्रम के दौरान चिकित्सीय जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों का ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। इसके बाद स्वरुचि भोज में सभी ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम का समापन भजन संध्या से हुआ, जिसमें भजन सम्राट आशीष सेठ ने अपनी प्रस्तुति दी।
सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, नकुल तिवारी, डीके मिश्रा, राम उदय मिश्रा, दसरथ चौबे, शिव प्रकाश शर्मा, विनोद उपाध्याय, वेदप्रकाश उपाध्याय, चंद्रशेखर मिश्रा, हरेंद्र मिश्रा, राजेश झा, रविन्द्र मिश्रा, संजय मिश्रा, प्रमोद पाठक, विजय खान, महेश मिश्रा, ब्यूटी तिवारी, आनंदी ओझा, संजीव आचार्य, अशोक राय, सोनू झा, ओंकार तिवारी समेत सैकड़ों ब्राह्मण विप्र मौजूद रहे।














