Crime

लूट का माल बांटने जमा हुए थे लुटेरे, पुलिस ने चार को दबोचा*

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

*झारखंड:* गढ़वा में बीते 29 जनवरी को स्वर्ण व्यवसायी एस कुमार सोनी से छुरा के दम पर हुए लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम मनीष कुमार भुईयां उर्फ कुजुर, अभिषेक कुमार चौधरी, मिथुन कुमार महतो और विशाल कुमार चौधरी बताये गये। इनमें अभिषेक कुमार चौधरी गढ़वा के रंका का और विशाल कुमार चौधरी पलामू के डाल्टनगंज का रहने वाला है। वहीं, मनीष कुमार भुईयां उर्फ कुजुर और मिथुन कुमार महतो राजधानी रांची के नामकुम इलाके के रहने वाले हैं। इनके पास से लूटे गये जेवरात, स्वर्ण व्यवसायी का मोबाइल, लूट में इस्तेमाल बाइक, एक देशी कट्टा और दो .315 की जिन्दा गोलियां एवं एक खाली खोखा जब्त किया गया है। इस बात का खुलासा सोमवार को गढ़वा पुलिस कप्तान दीपक पांडेय ने किया।

SP दीपक पांडेय ने मीडिया को बताया कि लूटकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम को बीते दो फरवरी को शाम करीब साढ़े चार बजे इंफॉर्मेशन मिली कि गढ़वा के तेनुडीह जंगल में कुछ लड़के इकट्ठा हुए हैं। नये चेहरे लग रहे हैं उनकी हरकतें संदिग्ध लग रही है। मिली इंफॉर्मेशन पर गठित टीम बताये गये लोकेशन पर पहुंची और चार लड़कों को धर दबोचा। सभी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को दिये अपने बयान में इन लोगों ने खुलासा किया कि अभिषेक कुमार चौधरी ने पूरे लूटकांड की साजिश रची थी। उसी ने मनीष कुमार भुईयां उर्फ कुजुर, मिथुन कुमार महतो को रांची और विशाल कुमार चौधरी को पलामू से गढ़वा कांड को अंजाम देने के वास्ते बुलाया था। ये तीनों 29 जनवरी की भोर में गढ़वा पहुंच गये थे।

तय प्लानिंग के अनुसार पहले एस कुमार सोनी की रेकी की गयी और फिर मौका मिलते ही छुरा के बल पर उन्हें लूट लिया गया। स्वर्ण व्यवसायी की बाइक की डिक्की से सारे जहने-जेवरात और उनका मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गये। बीते कल यानी दो फरवरी को सभी लुटेरे लूटे गये सोना-चांदी के जेवर आपस में बांटने के लिए तेनुडीह जंगल में इकट्ठा हुए थे, तभी धरा गये।

 

गिरफ्तार मनीष भुईयां के खिलाफ छह, मिथुन महतो के खिलाफ दो और विशाल कुमार चौधरी के खिलाफ एक मामला अलग-अलग थानों की पुलिस फाइल में दर्ज हैं। इन लोगों को दबोचने में रंका SDPO रोहित रंजन सिंह, रंका इंस्पेक्टर सुभाष कुमार पासवान, रंका थानेदार अनिमेश शांतिकारी, प्रभात कुमार, अनिल हेम्ब्रम, राजेश कुमार झा, एएसआई विनय कुमार पाण्डेय, हवलदार डोमन मोची और सिपाही कौशल किशोर तिवारी की भूमिका सराहनीय रही।

Related Posts