चाईबासा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत रूबी कुमारी को रांची रेफर किया गया
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के सचिव राजीव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय विशेष विधिक जागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
अभियान के दौरान, मानसिक रूप से बीमार रूबी कुमारी, जो चाईबासा के एक दूरस्थ क्षेत्र में रहती हैं, को पहचान कर तत्काल उपचार प्रदान किया गया। उन्हें पहले सदर अस्पताल, चाईबासा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर करने का निर्णय लिया।
इस अभियान में सदर अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ PLV सूरज कुमार ठाकुर की अहम भूमिका रही। उन्होंने न केवल रूबी कुमारी को त्वरित चिकित्सा सहायता दिलवाई, बल्कि उनके बेहतर इलाज के लिए रांची स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को भी सुगम बनाया।
यह पहल मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा एवं कानूनी सहायता दिलाने के उद्देश्य से की गई। इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानसिक बीमारियों से ग्रसित लोगों को उचित देखभाल और उपचार मिलना उनके जीवन को बेहतर बना सकता है।