Regional

वरीय पुलिस अधीक्षक ने साइबर थाना का किया निरीक्षण, छात्राओं को दी साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के द्वारा आज साइबर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के अभिलेखों की गहन जांच की और लंबित मामलों की समीक्षा की। वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के उपरांत वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर के ग्रेजुएट कॉलेज में आयोजित एक विशेष सभा में भाग लिया। इस सभा में छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड जैसी घटनाओं से सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी सलाह दी कि कोई भी संदिग्ध लिंक, ईमेल या फोन कॉल का जवाब देने से पहले सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर थाना को दें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना के अधिकारियों ने भी छात्राओं को जागरूक किया और विभिन्न साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने पासवर्ड सुरक्षा, ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी।

इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। छात्राओं ने साइबर अपराध से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध पर रोकथाम के लिए सभी को जागरूक होना जरूरी है और पुलिस हमेशा नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर है।

Related Posts