झारखंड समेत कई राज्यों में कांग्रेस ने नए प्रभारी नियुक्त किए

न्यूज़ लहर संवाददाता
नई दिल्ली:कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार देर शाम संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए झारखंड समेत कई राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। झारखंड का नया प्रभारी के. राजू को बनाया गया है, जिसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने दी।
के. राजू को झारखंड का नया प्रभारी बनाया गया
के. राजू, जो वर्तमान में कांग्रेस के एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक हैं, झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे तेलंगाना के हैदराबाद के निवासी हैं और पूर्व में आईएएस अधिकारी रह चुके हैं।
के. राजू को राहुल गांधी के करीबी नेताओं में गिना जाता है और वे एक कुशल संगठनकर्ता माने जाते हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि उनके मार्गदर्शन में झारखंड में पार्टी का आधार और मजबूत होगा।
विभिन्न राज्यों में नियुक्त नए प्रभारी
नए प्रभारियों की सूची जारी की गई है, जिसमें भूपेश बघेल को पंजाब, डॉ. सईद नसीर हुसैन को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़, बीके हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोड़नकर को तमिलनाडु, अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, सप्तगिरि एस उल्का को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड तथा कृष्णा अल्लवरु को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
झारखंड में कांग्रेस के प्रदर्शन में हुआ सुधार
गुलाम अहमद मीर को दिसंबर 2023 में झारखंड कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था, जिनके कार्यकाल में पार्टी के प्रदर्शन में सुधार देखा गया। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीट संख्या एक से बढ़कर दो हो गई, वहीं विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 16 सीटों के साथ संतोषजनक प्रदर्शन किया। अब के. राजू की नियुक्ति के बाद कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्य में पार्टी का संगठन और सशक्त होगा।