Regional

सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में श्रीराम मंदिर स्थापना की पंचम वर्षगांठ पर भव्य संगीतमय श्रीराम कथा और शोभायात्रा का आयोजन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: लौहनगरी जमशेदपुर इस वर्ष एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा के महासंगम का साक्षी बनने जा रहा है। श्रीराम मंदिर स्थापना की पंचम वर्षगांठ के अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति के तत्वावधान में 21 फरवरी से 1 मार्च तक भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान संगीतमय श्रीराम कथा, भव्य शोभायात्रा, विशेष पूजन-हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

शहरभर के एक लाख घरों तक पहुंचेगा आमंत्रण पत्र

 

इस आयोजन की भव्यता को देखते हुए सूर्य मंदिर समिति ने शहरभर के एक लाख घरों तक आमंत्रण पत्र भेजने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, श्रद्धालुओं से श्रीराम काज हेतु 10 रुपये का सहयोग देने का आग्रह किया गया है। शनिवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।

21 फरवरी: भव्य शोभायात्रा से होगा शुभारंभ

 

कार्यक्रम का शुभारंभ 21 फरवरी को दोपहर 3 बजे सुगना कॉलोनी, बारीडीह मंदिर से भव्य शोभायात्रा सह नगर भ्रमण के साथ होगा। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए सूर्यधाम पहुंचेगी। इस दौरान प्रभु श्रीराम की महिमा का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने का आग्रह किया गया है।

 

22 से 28 फरवरी: सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा

 

22 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक सूर्यधाम में संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री राजेंद्र जी महाराज करेंगे। वे श्रीरामचरितमानस की कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से जोड़ेंगे।

1 मार्च को विशाल महाभंडारा

 

1 मार्च को दोपहर 12 बजे से विशाल महाभंडारा (महाप्रसाद) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

 

पूरे आयोजन का कार्यक्रम:

 

21 फरवरी: भव्य शोभायात्रा सह नगर भ्रमण

 

22 फरवरी: श्रीराम कथा महिमा

 

23 फरवरी: श्री शिव-पार्वती विवाह

 

24 फरवरी: श्रीराम जन्मोत्सव

 

25 फरवरी: श्रीराम बाल लीला

 

26 फरवरी: श्री सीताराम विवाहोत्सव

 

27 फरवरी: केवट प्रसंग एवं भरत चरित्र

 

28 फरवरी: वन लीला एवं श्रीराम राज्याभिषेक

 

1 मार्च: विशाल महाभंडारा (महाप्रसाद), दोपहर 12 बजे से

 

 

श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा जाएगा विशेष ध्यान

 

सूर्य मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन स्थल पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, पक्के पंडाल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा एवं प्रमोद मिश्रा ने बताया कि आयोजन स्थल को आकर्षक पुष्पसज्जा और विद्युत सज्जा से भव्य रूप दिया जाएगा।

 

शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील

 

सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 21 फरवरी को शोभायात्रा एवं 22 से 28 फरवरी तक श्रीराम कथा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर इस धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।

Related Posts