झारखंड हाईकोर्ट के प्रथम मुख्य न्यायाधीश वी.के. गुप्ता का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची: झारखंड हाईकोर्ट के प्रथम मुख्य न्यायाधीश जस्टिस वी.के. गुप्ता का शनिवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।
झारखंड के गठन के बाद, 15 नवंबर 2000 को जस्टिस वी.के. गुप्ता को झारखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद, 5 दिसंबर 2000 को राज्यपाल ने उन्हें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। उन्होंने 8 मार्च 2003 तक झारखंड हाईकोर्ट में अपनी सेवाएँ दीं, जिसके बाद उनका स्थानांतरण हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हुआ।
इसके बाद, उन्होंने 2 फरवरी 2008 को उत्तराखंड हाईकोर्ट, नैनीताल के मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभाला और 9 दिसंबर 2009 को सेवानिवृत्त हुए।
उनका अंतिम संस्कार आज, 16 फरवरी को शाम 4 बजे लोधी रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके निधन पर झारखंड हाईकोर्ट, सिविल कोर्ट रांची समेत राज्यभर के अधिवक्ताओं और न्यायिक समुदाय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे।