Regional

पश्चिमी सिंहभूम में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की शासी समिति की बैठक: सामुदायिक विकास और विभिन्न योजनाओं पर हुई चर्चा* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पश्चिम सिंहभूम जिला के कोल्हन विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरुआ, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिरूप और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के शासी समिति के सदस्य उपस्थित हुए, और सामुदायिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विचार किया गया।

बैठक के दौरान, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास हेतु ग्रामसभा द्वारा प्रस्तावित योजनाओं को खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के मानकों के अनुसार चयनित किया गया। प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए, आधारभूत संरचना के तहत सड़क निर्माण, पुल-पुलिया का निर्माण, और अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे गए।

साथ ही, पेयजल योजनाओं पर भी विचार किया गया, जिसमें आगामी ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर जलस्त्रोतों की मरम्मत और जलमीनार, नलकूप, चापाकल को दुरुस्त करने की आवश्यकता जताई गई। सभी पेयजल योजनाओं का जियो टैग करने की बात भी सामने आई ताकि पंचायत स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण, अवैध खनन पर रोक, और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए। इसके तहत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों को पौष्टिक आहार की निगरानी, कुपोषण मुक्त जिला बनाने, और ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

 

शिक्षा, कृषि, और रोजगार निर्माण के क्षेत्र में भी कई योजनाओं पर चर्चा की गई। डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने, विद्यालयों में बेहतर लाइब्रेरी एवं लैबोरेट्री निर्माण, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और मत्स्य पालन एवं पर्यटन संवर्धन जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव रखे गए।

इस बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों और योजनाओं से जिला विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।

Related Posts