Crime

सारंडा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान, चाईबासा पुलिस ने बरामद किए दो IED

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:चाईबासा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के खिलाफ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कोबरा 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों (60, 197, 174, 193, 134, 26) की टीमें शामिल हैं।

प्राप्त खुफिया जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित नक्सली संगठन के शीर्ष नेता अजय महतो अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा क्षेत्र में सक्रिय है। इसी के आलोक में 17 फरवरी 2025 से गुवा थाना क्षेत्र के आसपास के पहाड़ी और जंगली इलाकों में एक व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान गुवा और रोवाम रोड के बीच गंगदा के समीप जंगलों में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए पूर्व में लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए। बरामद विस्फोटकों में एक 20 किलोग्राम और दूसरा 5 किलोग्राम का था। सुरक्षा कारणों से बम निरोधक दस्ते की मदद से इन आईईडी को घटनास्थल पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।

चाईबासा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे इस नक्सल विरोधी अभियान को और तेज कर दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सलियों की किसी भी विध्वंसक गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों पर लगातार पानी फेरा जा रहा है।

Related Posts