Crime

कीनन स्टेडियम के पास महिला से छिनतई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित कीनन स्टेडियम के पास 17 फरवरी 2025 को दो अज्ञात स्कूटी सवार युवकों ने एक महिला का पर्स और मोबाइल छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक (सी.सी.आर.) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन शुरू की।

जांच के दौरान मरीन ड्राइव स्थित मंदिर के पास दो संदिग्ध युवक सफेद रंग की स्कूटी के साथ नजर आए, जिन्हें तुरंत हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से दो महिलाओं के पर्स, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया। इसी क्रम में यह भी ज्ञात हुआ कि बरामद सामानों में एक पर्स बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना से भी जुड़ा हुआ था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्शलान अंसारी (18.5 वर्ष), पिता इरफान अख्तर, निवासी रोड नंबर 13, आजादनगर, थाना ओलीडीह ओ.पी., जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर और मो. नावेद (18 वर्ष), पिता मो. नवाब, निवासी रोड नंबर 13, आजाद बस्ती, थाना मानगो, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अर्शलान अंसारी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मानगो थाना में दो मामले दर्ज हैं, जिनमें से पहला कांड संख्या 198/2024 है, जिसमें धारा 352/351(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। दूसरा मामला कांड संख्या 199/2021 है, जिसमें धारा 307/379/34 IPC सहित 387/341/342/323/324/326 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

पुलिस ने छापामारी के दौरान आरोपियों के पास से एक काले रंग का Lavie ब्रांड का बैग बरामद किया, जिसमें आसमानी रंग का Redmi कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल रखा हुआ था। मोबाइल का IMEI नंबर 867972058868870121 और 867972058868888 पाया गया। इसके अलावा, एक बैंगनी रंग का Aimers ब्रांड का बैग भी बरामद हुआ, जिसमें ASUS कंपनी का नीला रंग का पावर बैंक रखा था। आरोपियों के पास से एक सफेद रंग का चार्जर, प्रिया साहू का आधार कार्ड (संख्या 5697 7482 1486), यूको बैंक का डेबिट कार्ड (संख्या 6523 3403 1700 6513), दो लिपस्टिक और एक फाउंडेशन क्रीम भी बरामद हुआ। उनके पास से सफेद रंग की एक स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH0SDU3186) और काले रंग का Vivo कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया, जिसका IMEI-1 नंबर 867663049007377 और IMEI-2 नंबर 867663049007369 है।

पुलिस ने इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 28/2025, दिनांक 17 फरवरी 2025 को धारा 304 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापामारी अभियान में थाना प्रभारी पु.नि. उमेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पु.अ.नि. संजय कुमार, रंजीत यादव, सोनू कुमार, स.अ.नि. गुलाब अंसारी और बिष्टुपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

Related Posts