Regional

झारखंड में रोजगार बढ़ाने के लिए कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में झारखंड के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय तथा झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में गोलमुरी स्थित एक होटल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का विषय “स्किल गैप एनालिसिस एंड एक्सप्लोरिंग स्किल डिमांड ऑफ लोकल इंडस्ट्री” था।

इसका विधिवत उद्घाटन झारखंड के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव और सचिव मुकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड से हो रहे श्रमिकों के पलायन को रोकना है।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के मुखिया हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। झारखंड के युवा कौशल विकास का प्रशिक्षण तो प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन उन्हें राज्य में ही रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। इस समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार उद्योगपतियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक मंच पर ला रही है ताकि झारखंड में ही रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।

मंत्री यादव ने बताया कि इस कार्यशाला में उद्योग जगत के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और छोटे-बड़े उद्योगपति शामिल हुए। इसमें चर्चा की गई कि झारखंड में उद्योगों को कैसे बढ़ावा दिया जाए, प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार कैसे उपलब्ध कराया जाए, और जो उद्योग झारखंड छोड़कर अन्य राज्यों में जा रहे हैं, उनकी समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए।

उन्होंने आगे बताया कि इस विषय पर और अधिक गहराई से विचार-विमर्श करने के लिए आगामी 28 फरवरी को रांची में एक और बैठक आयोजित की जाएगी। कार्यशाला के दौरान उद्योगपतियों और अधिकारियों ने झारखंड में उद्योगों के सामने आ रही चुनौतियों, प्रशिक्षित मजदूरों की उपलब्धता की समस्या और राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के उपायों पर अपने विचार रखे।

 

यह कार्यशाला झारखंड में स्थानीय रोजगार सृजन और कौशल विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Related Posts