जल-जमाव से मिलेगी राहत, मानगो में बनेगी विशेष योजना

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र के नित्यानंद कॉलोनी और देशबंधु लाइन में जल-जमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की योजना बनाई जा रही है। यह क्षेत्र वर्षों से जल-जमाव की समस्या से ग्रस्त है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार सुबह हल्की बारिश के बाद नाले का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इस समस्या को देखते हुए विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से विस्तृत चर्चा की। बातचीत के बाद निर्णय लिया गया कि इस समस्या के समाधान के लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी और इसे जिला योजना का हिस्सा बनाया जाएगा।
योजना के तहत, आजाद नगर की तरफ से आने वाले नाले के पानी को दूसरी दिशा में मोड़ा जाएगा, जिससे नित्यानंद कॉलोनी में जल-जमाव 60 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय नाले में लोहे की जाली लगाई जाएगी और ऊपर लगे प्लास्टर को काटकर ढक्कन लगाया जाएगा, ताकि सफाई कार्य सुचारू रूप से हो सके। जल निकासी की गति बढ़ाने के लिए इसे डिमना रोड के मुख्य नाले से जोड़ा जाएगा। इस योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी मानगो नगर निगम को दी गई है, और इसके लिए आवश्यक धनराशि जिला योजना से खर्च की जाएगी।
विधायक सरयू राय ने कहा कि नित्यानंद कॉलोनी और देशबंधु लाइन की जल-जमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब नगर निगम और जिला प्रशासन मिलकर इसका हल निकालेंगे। स्थानीय नागरिकों ने विधायक सरयू राय की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पिछले पांच वर्षों से नाले की सफाई नहीं हुई थी, जिससे बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती थी।
विधायक की पहल पर शुक्रवार को ही नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सफाई अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान विधायक सरयू राय के प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष राय, नीरज सिंह, पप्पु सिंह, धर्मेन्द्र प्रसाद, संतोष भगत, पिंटु सिंह, विनोद सिंह, बीरू कुमार, रोहन कुमार, मुकेश सिंह और आकाश साह शामिल थे।
वहीं, मानगो नगर निगम के अधिकारियों में सहायक नगर आयुक्त अरविंद अग्रवाल और आकीब जावेद, सहायक अभियंता मयंक मिश्रा और संतोष कुमार, सिटी मैनेजर निशांत कुमार, कनीय अभियंता सुबोध कुमार और महेश कुमार उपस्थित थे।